Sunday, September 1, 2013

कोलाज जिन्दगी के












.



अगर  हम जिन्दगी को गौर से देखें तो यह एक कोलाज की तरह ही है. अच्छे -बुरे लोगों का साथ ,खुशनुमा और दुखभरे समय के रंग,और भी बहुत कुछ जो सब एक साथ ही चलता रहता है.

कोलाज यानि ढेर सारी चीजों का घालमेल. एक ऐसा घालमेल जिसमें संगीत जैसी लयात्मकता हो ,तारतम्य हो और इससे भी अधिक एक अर्थ्वर्ता हो.

सचमुच ,जिन्दगी एक कोलाज की तरह ही तो है. सुख-दुःख की छाया ,प्रेम स्नेह ,वात्सल्य के रंग तो बिछोह , तड़पन ,उदासी के रंग भी दिखाई देते हैं. कईयों को तो जिंदगी एक शानदार रंगीन समारोह की तरह लगती है. तो किसी को जिन्दगी पहेली लगती है. जिसने जीवन के मर्म को समझ लिया वह ज्ञानी हो गया.

क्या आपने किसी पेड़ या किसी चिड़िया को रोते हुए देखा है. यह तो इंसान है जो दर्द या निराशा से रोता है. अभिव्यक्ति का माध्यम  इंसान ने अलग -अलग तरीकों से ढूंढ ही लिया है.

अंग्रेजी में एक कहावत है कि  - 'यशस्वी जीवन का एक व्यस्त घंटा कीर्तिहीन युग -युगान्तरों से बेहतर है'.
यह भी प्रश्न उठता है कि यदि सुख से दुःख ही अधिक होता तो अधिकांश लोगों के विचार बदल जाते ,क्यूंकि तब उन्हें यह मालूम हो जाता कि संसार दुखमय है तो जीवन का अर्थ क्या ?अक्सर ऐसा देखा जाता है की इंसान अपनी आयु से अर्थात जीवन से नहीं उबता.इसलिए यही अनुमान किया जाता है कि इस दुनियाँ में इंसान को दुःख की अपेक्षा सुख ही अधिक मिलता है.

जीवन को दायरों में नहीं बांधा जाना  चाहिए. हर मनुष्य तभी तक अपना जीवन जीने के लिए स्वतंत्र है,जब तक कि उसकी जीवन पद्धति किसी को कोई कष्ट नहीं पहुंचाती . विडंबना यही है की हम दुसरे के जीवन को अपने विचारों से तौलते हैं ,प्रत्येक चरित्र को वैसे ही स्थापित करते हैं ,जैसा हम चाहते हैं,उनसे व्यव्हार भी वैसा ही करते हैं,जैसा हमारा मन विचार कर पाता है.

बहरहाल ,जीवन को जीने और देखने का नजरिया  सबका अलग - अलग है, फिर भी जीवन के विविध रंग ,यानि कोलाज  हर इंसान में दृष्टिगोचर होते हैं.

आचार्य राम विलास शर्मा कहते हैं.…………
पीड़ा को उसकी प्रकृति भूल 
दुःख को भी सुख सा मधुर मान 
मैं ह्रदय लगाता बार - बार 
तेरा कोई उपहार जान.…  

Monday, August 26, 2013

परती परिकथा : कोसी की






कहते हैं कि केवल धरती ही बंजर नहीं होती,कभी-कभी आदमी का मन भी बंजर हो जाता है. उसमें उल्लास,उमंग के कोई फूल नहीं खिलते.

‘रेणु’ के ‘परती परिकथा’ को पढ़ते समय ऐसा ही आभास हुआ.कोसी के अंचलों में बरसों रहा हूँ. कोसी के विभिन्न क्षेत्रों में घूमा हूँ.तब ऎसी अनुभूति नहीं हुई क्योंकि तब ‘रेणु’ की ‘परती परिकथा’ जो नहीं पढ़ी थी.तब कटिहार से फारबिसगंज होते हुए जोगबनी(भारतीय सीमा का अंतिम स्टेशन) और नेपाल के सीमावर्ती शहर विराटनगर की दर्जनों बार यात्राएँ की थी. 

पूर्णिया से सवारी गाड़ी के आगे बढ़ते ही ‘रेणु’ द्वारा रचित 'परती परिकथा' की परिकल्पना जैसे साकार सी होने लगती है.सिमराहा के बाद ‘औराही हिंगना’ छोटा सा हाल्ट था ,जो अब रेणु ग्राम हो गया है,इसी की मिट्टी में रेणु पले,बढ़े.

 सवारी गाड़ी की खिड़की से झांकते ही कास के घने जंगल(एक प्रकार का जंगली घास) और उसी से बनी बांस और बत्ती की झोपड़ियाँ दिखाई देने लगती हैं.क्या संपन्न और क्या विपन्न सभी के घरों के दरवाजे पर कास की एक झोपड़ी तो अवश्य ही दिखाई देती है.खेतों की पगडंडियों से आते-जाते लोग बाग़ बरक्स ध्यान खींच लेते हैं.रेणु ने सिमराहा से फारबिसगंज (समीपवर्ती सबसे बड़ा शहर) तक की जो तस्वीर खींची थी, वे अब भी मौजूं हैं.कोसी की विनाश लीला से संतापित यह क्षेत्र हमेशा से ही उपेक्षित रहा है.कोसी को यूँ ही ‘बिहार का शोक’ नहीं कहा जाता.

कोसी का दंश झेलने वाले व्यक्तियों से चर्चा करते ही चेहरे पर उभरे भावों को साफ़ पढ़ा जा सकता है. पहली बार कटिहार और पूर्णिया की धरती पर पैर रखते ही हिदायत मिली थी कि यहाँ का पानी काला है. दांत काले हो जाते हैं और कपड़ों में भी कालापन आ जाता है.कमोबेश इसी सच्चाई से रूबरू होता रहा.

कई बार किसी कथा,कहानी,उपन्यास को पढ़ने के बाद महसूस होता है कि कहानी कुछ अधूरी रह गई.इसके आगे क्या होता. कई तरह के तर्क-वितर्क मन में उठने लगते है.क्या उपन्यासकार ने जानबूझकर कथानक को अधूरा छोड़ा.मन सोचने लगता है कि अच्छा होता यदि कहानी आगे बढ़ती.


कथा शिल्पी ‘फणीश्वर नाथ रेणु’ की ‘परती परिकथा’ को दुबारा पढ़ते समय ऐसा ही लगा.लगा कि कहानी कुछ अधूरी रह गई है.जमींदारी उन्मूलन के बाद का समाज,कोसी के अंचलों में व्याप्त गढ़ी-अनगढ़ी कहानियां,ग्राम्य गीत,लोक-संगीत,लोक गाथाओं की बूझ – अबूझ पहेलियाँ,तकनीकी का सधः प्रवेश.सब कुछ मिलकर ऐसा लगता है मानो सब कुछ आँखों के सामने घटित हो रहा हो.

ताजमनि का क्या हुआ? जितेन्द्र नाथ मिश्र एवं ईरावती का क्या हुआ? जितेन्द्र ने बचपन में ही विदेश ले जाई गयी बहन दुलारी दाय का पता लगाया या नहीं,गाँव के लोगों में जो रिक्तता की भावना थीं,वह दूर हुई या नहीं .परानपुर के अधूरे इतिहास,गीतावास कोठी की,मेम माँ की लिखी-अलिखी अधूरी गाथा का जितेन्द्र के जीवन पर क्या प्रभाव पड़ता है आदि कुछ सवाल अनुत्तरित ही रह जाते हैं. काश! कहानी कुछ और आगे बढ़ती तो मन तृप्त हो जाता.

इसी उपन्यास से प्रस्तुत है एक चित्र, जो दिल को छू जाता  है :

दिल बहादुर भी एक दिन तलो तिर (पहाड़ पर रहने वाले ,समतल भूमि को तलो कहते हैं ,दिल बहादुर तीन नंबर पहाड़ पर रहता है. नेपाल की तराईयों  के उत्तर ,तीन पहाड़ियों के बाद !तीन नंबर पहाड़ !नीचे उतरने में चार दिन लग जाते हैं) हिंदुस्तान की ओर चल पड़ा.

सुन्तुला(संतरा) की डाली पकड़कर खड़ी कांछीमाया की धुंधली तस्वीर घने कोहरे में खो गई. वह ढलान की पगडंडी से नीचे उतरता चला गया। पहाड़ी के घने जंगलों में ,लकड़ी काटती हुई पहाड़ीनों  के 'झाऊरे'(एक पहाड़ी लोकगीत,जिसमें राही से प्रश्न पूछे जाते हैं. राही भी गा - गाकर जबाब देता है ) खूब रस - रसाकर  दिलबहादुर ने दिया. चीसापानी झोरा के पास सुनी झाऊरे की एक कड़ी... ...

मधेश तिर हिंड़े को मान्छे

शहर लख्नो कैले जाने ऐं ऐं ऐं  ...

गारद मा बसने मेरी लोग्निलाई ..........

ओ मधेश की ओर जाने वाले ! यदि तुम कभी लखनऊ शहर जाओ, तो वहां के गारद में रहता है जो भला सा आदमी ,उससे कहना -- तुम्हारा बेटा  दौड़ना सीख गया है और काली बाछी को तीसरा बाछा हुआ है …. जंगल में लकड़ी काटते समय मेरे हाथों में सोने के चूर झनकेंगे ....झनक - झनक ! सुनकर तुम निश्चय ही मुझे पहचान लोगे. कोई ऐसा काम मत करना ,लाज ले मरन गराई - लाज से मैं इसी जंगल में मर जाऊँगी !.......

जंगल ,जंगल ! ढलान उतार ! उतरती राह उलटकर कोई पंथी नहीं देखता. दिलबहादुर उतरता गया .
उसकी प्रेमिका  कांछीमाया ने सौगंध देकर कहा है ,'मेरो रगत खाने '! चांदी सोने का पहाड़ भी मिले ,पलटन में मत जाना. कल से मैं तुम्हारी बांसुरी नहीं सुन सकूंगी. तीन बार सुन्तुला की डाली में फूल लगेंगे. तीन  बार सुन्तुला की डाली झुक-झुक  जाएगी फलों से. सुन्तुला तोड़ते समय तुम्हारे गालों की याद आएगी. तुम नहीं लौटोगे तो मेरी माँ मुझे उस नमक के बूढ़े व्यापारी के हवाले कर देगी. सुगंठी(सूखी मछली) की गंध उस बूढ़े की सांसों में बसी है.

अमर कथा शिल्पी ‘फणीश्वर नाथ रेणु’ के अन्य उपन्यास ‘मैला आँचल’, ‘तीसरी कसम’ को पढ़ते समय ऐसा नहीं लगा था कि रचनाकार जानबूझकर कथानक को पूर्णविराम दे देता है,कथानक को आगे नहीं बढ़ता.पाठकों के विवेक पर छोड़ देता है.रेणु की ‘परती परिकथा’ परानपुर इस्टेट, फारबिसगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, पटना आदि के आस-पास घूमती है.

रेणु के कथानक को कहने की कला,नेपाली,बांग्ला,मैथिली,अंगिका में संवाद सब कुछ अद्वितीय हैं. ग्रामीण समाज में प्रचलित अन्धविश्वास,कुरीतियाँ रेत की तरह बिखरे पड़े मिलते हैं.स्थानीय राजनीति,गुटबाजी,समाज में परिवर्तन की बहती बयार, सब कुछ आँखों के सामने घटित होता प्रतीत होता है.

Friday, August 23, 2013

पावन प्रतीक : शंख





शंख भारतीय संस्कृति का एक पावन प्रतीक है.इसका न केवल सामाजिक महत्व  है बल्कि धार्मिक दृष्टि से भी इसका भारतीय संस्कृति में महत्वपूर्ण स्थान है.

समुद्र में रहने वाला एक जीव, जो अपनी आत्म रक्षा के लिए शरीर के चारों ओर एक आवरण बनाता है. कुछ समय बाद वह इस आवरण को त्याग कर 'नया घर ' बनाने में जुट जाता है. उस जीव द्वारा  गया यह खोल देवताओं द्वारा अपनाया जाता है,सामान्यजनों का वह आभूषण भी बनता है और सभ्यता के एक दौर में उसने मुद्रा की भूमिका भी अभिनीत की है. इस आवरण को हम सब शंख के नाम से जानते हैं.

प्राचीन भारतीय संस्कृति में शंख का एक विशिष्ट स्थान रहा है. आज भी शंख हमारे धार्मिक जीवन से बहुत गहरे से जुड़ा हुआ है. हम शंख की पूजा करते हैं ,देवताओं की पूजा -अर्चना के समय शंखनाद कर मंगल ध्वनि करते हैं. पश्चिमी बंगाल में विवाह के अवसर पर शंख -ध्वनि अनिवार्य मानी जाती है. वहां ,महिलाएँ शंख की चूड़ियाँ ,शंख की मालाएं पहनती हैं.  ज्योतिषी भी चंद्रदोष दूर करने के लिए मोती उपलब्ध न पर उसके स्थान पर शंख की अंगूठी पहनने का परामर्श देते हैं.

शंख बौद्ध धर्म के आठ पवित्र चिन्हों में से एक है.  इन्हें अष्टमंगल कहा जाता है. शंखों का आयुर्वेदिक दवाईयों के रूप में भी इस्तेमाल होता है. शंख भस्म का उपयोग पेट संबंधी बीमारियों एवं सौन्दर्य प्रसाधनों में भी उपयोग होता है.

समुद्र के जीव करोड़ों वर्षों से अपनी आत्मरक्षा के लिए इस तरह के खोल बनाते आ रहे हैं. पारिभाषिक शब्दावली में ये जीव मोलस्का और और बोलचाल की भाषा में घोंघा कहलाते हैं. ये घोंघे जैसे -जैसे बड़े होते हैं ,अपने खोल को न केवल बड़ा बल्कि मजबूत भी करते जाते हैं. ये खोल चूने के कार्बोनेट के साथ - साथ कैल्सियम फास्फेट और मैग्नेशियम कार्बोनेट का बना होता है. इसी खोल को हम शंख के नाम से जानते हैं.

कुछ जीवों के एक ही खोल होता है. किसी किसी जीवों के दो खोल होते हैं. इन खोलों पर बल पड़े होते हैं. इनमें से कुछ बल एक ही दिशा में होते हैं तो कुछ दूसरी दिशा में. इन बलों के आधार पर ही इन्हें दायें और बाएं हाथ वाला शंख कहा जाता है.

शंखराज का खोल सबसे बड़ा होता है. इसके अंदर का स्तर मोती जैसा गुलाबी होता है. इसमें कान लगाकर सुनने पर समुद्र जैसा गंभीर गर्जन सुनायी पड़ती है ,क्योंकि बल पड़े  खोल में जरा सी आवाज बहुत ज्यादा बढ़ी चढ़ी सुनाई पड़ती है.

अनुमान है की समुद्र में 75 हजार तरह के जीव शंखों और खोलों में रहते हैं. इनमें से बहुतों के सिर तो केवल पिन के बराबर होते हैं.

शंख करोड़ों वर्षों से बनते आ रहे हैं ,लेकिन मनुष्य ने उनका उपयोग  लगभग दस हजार वर्ष पहले ही सीखा है. शंखों से उसने आभूषण बनाये ,मुद्रा के रूप में भी उनका उपयोग किया और धारदार शंखों से उसने औजारों का भी काम लिया. अमेरिका ,एशिया ,अफ्रीका ,आस्ट्रेलिया आदि महाद्वीपों में आदिम मनुष्य शंखों के आभूषण पहनता था. फिर ,उसने कौड़ियों के साथ - साथ शंखों को भी क्रय -विक्रय का माध्यम बनाया. अठारहवीं सदी में शंखों का संग्रह करने का फैशन भी चला.