Saturday, September 21, 2013

अद्भुत कला है : बातिक

                                                                                                                                                                                                                                     
  अक्सर हमें नए या कुछ पुराने कपड़ों पर लगे कुछ पैबंद दिख जाते हैं.जो कोई नक्काशी या कुछ पेंटिंग लिए हुए भी होते हैं.नए या कुछ पहने हुए कपड़ों पर  मामूली खरोंच लग जाने या कपड़ों के  रंग हलके  पड़ जाने पर कपड़ों को नया रंग देकर चमकाने की विधा पुरानी है.इसे बातिक भी कहा जाता है.

आज अत्याधुनिक प्रतीत होने वाली बातिक कला दो हजार वर्ष पुरानी है.पुरातत्ववेत्ताओं के अनुसार मिस्त्र तथा फारस में लोग बातिक कला के बने हुए वस्त्र पहनते थे.इसी प्रकार भारत,चीन,तथा जापान में बातिक कला के बने हुए परिधान पहनते थे.भारत,चीन तथा जापान में बातिक शैली में छपे हुए कपड़ों का प्रचलन था. चीन तथा जापान में बातिक कला में रंचे -पगे वस्त्र अभिजात्य वर्ग की पहली पसंद थे.

बातिक कला के प्रचलन के संबंध में कई मत हैं.कुछ लोगों का ख्याल है कि यह कला पहले -पहल भारत में जन्मी.जबकि कुछ लोगों के अनुसार इस कला की उत्पत्ति मिस्त्र में हुई.एक विचार यह भी है कि धनाभाव के कारण लोग अपने फटे - पुराने  कपड़ों को तरह -तरह के रंगों से रंगते थे.यह कला यहीं से शुरू हुई.

'फ्लोर्स ' के रहने वाले कपड़ों का भद्दापन छिपाने के लिए इन्हें गहरे नीले रंग में रंग कर पहनते थे.साथ ही,चावल के माड़ का प्रयोग करते थे ताकि कपड़ों में करारापन आ जाए इससे कपड़ों पर धारियां पड़ जाती थीं.इसी से बातिक कला का प्रारम्भ हुआ आगे चलकर चावल के आटे की जगह मोम काम में लाया जाने लगा.इसमें भी धारी पड़ने से डिज़ाइन बनते हैं.

कुछ पुरातत्ववेत्ताओं के अनुसार यह कला जावा  द्वीप से शुरू हुई.'द आर्ट एंड क्राफ्ट इन इंडोनेशिया' नामक पुस्तक में एक शब्द है 'इम्बातिक',यानि वह कपड़ा जिसमें छोटे - छोटे टिक के निशान पड़े हों.

शुरू - शुरू में जावा में घर के बने कपड़े ही बातिक शैली में रंगे जाते थे.यह भी कहा जाता है कि मार्कोपोलो या उससे पूर्व जावा पहुँचने वाले सुशिक्षित मुस्लिमों ने इस द्वीप की मौसम के अनुरूप कपड़ा बनाना शुरू किया उस समय प्रत्येक धनी व्यक्ति के कोट के बाजुओं पर बातिक के डिज़ाइन बने होते थे.हर जाति के मुखिया के घर में इसके नमूने मिलते थे.1613 से 1645 तक जावा में सुलतान हाजी क्रिकुस्को ने राज्य किया था.उनके समय में इस कला ने विशेष उन्नति की.अनुमान है कि यह कला 12वीं सदी में जावा पहुंची.तत्कालीन मंदिरों में स्थापित मूर्तियों के वस्त्रों पर बातिक कला के अनेक श्रेष्ठ नमूने मिलते हैं.

पहले जावा में केवल राज दरबार की स्त्रियाँ बातिक के कपड़े पहनती थीं. फिर साधारण समाज की स्त्रियों ने भी उन्हें अपना लिया. ऐसे कपड़े अभिजात - वर्गीय होने का प्रतीक बन गए.धीरे-धीरे ये वस्त्र जन -साधारण में लोकप्रिय होते गए.

ऐसे ही लोकप्रिय वस्त्रों में था सारंग,जिस पर भांति -भांति के फूल ,पत्ते ,चिड़ियाँ ,घोंघे ,मछलियाँ तथा तितलियाँ बनी होती थीं.जावा में बातिक की कला इतनी लोकप्रिय हुई कि सजावट की वस्तुओं में भी बातिक कला का उपयोग किया जाने लगा.जावा में डचों के आगमन के बाद यह कला हॉलेंड तथा यूरोप के अन्य देशों में प्रसिद्ध हो गई.आरम्भ में तो बातिक कला वहां के कारीगरों तथा चित्रकारों के लिए चुनौती का विषय बन गई,परन्तु शीघ्र ही उन्होंने बातिक कला के लिए अधिक सुविधापूर्ण उपकरण ढूंढ निकाले ,जैसे चित्र वाले वस्त्रों को सुखाने की मशीन ,जो जावा -वासियों के पास नहीं थी लीव्यू तथा पीटर मिजार जैसे चित्रकारों ने बहुत ही सुन्दर चित्र तैयार किये थे.इसी तरह डिनशौल्फ़ तथा स्लाटन आदि ने भी अद्भुत चित्र बनाये.इससे पूर्व वे कलाकार केवल तैल रंगों तथा ब्रश से ही चित्र बनाते थे.अब उन्हें मोम की बूंदों से बनी इस कला ने आकर्षित कर लिया.

धीरे -धीरे बातिक कला का पंजीकरण होता गया.कलाकारों ने मशीनों द्वारा छापकर सूती कपड़े तैयार किये. उसी प्रकार की धारियों (क्रैफिल) की भी नक़ल की गई ताकि वे बिल्कुल बातिक के सामान ही लगें.लगभग चालीस पचास वर्षों तक बातिक की गणना यूरोप की उच्च कलाओं में होती रही.

साधारणतया,मोटे कपड़े पर बातिक नहीं बन सकता ,क्योंकि रंग तथा मोम अंदर तह तक नहीं जा सकता. इसके लिए सिल्क का कपड़ा अच्छा होता है. मोटे सिल्क,ब्रोकेड तथा वेल्वेट पर पर भी बातिक बन सकते हैं.

ध्यान देने की बात यह है कि नायलोन जैसे कपड़े पर बातिक नहीं बनता.कपड़ा जितना  चिकना तथा मुलायम होगा,कला उतनी ही सुंदर उभरेगी.

नए कोरे कपड़े  पर बातिक बनाने से पूर्व उसे धोकर,सुखाया जाता है.इस तरह कपड़ा पहले ही सिकुड़ जाता है.बाद में मोम लगाकर बातिक किया जाता है.

यद्यपि पानी तथा तैल रंगों की चित्रकारी की अपेक्षा बातिक की अपनी कुछ सीमाएं थीं ,फिर भी चित्रकारों ने उसमें कुशलता प्राप्त कर ली. बातिक कला में अगर प्रारंभ  में कोई गलती हो जाय तो उसे सुधारा नहीं जा सकता.
जबकि तैल रंगों में यह बहुत ही आसन है. बातिक के अनुसार बनाई गई ग्राफिक कला का भी प्रचलन बहुत बढ़ा.

आजकल इंडोनेशिया में पुरुषों ने रंगाई तथा स्त्रियों ने छपाई का काम प्रारंभ कर दिया है.जावा में बसे चीनियों के गाँव के गाँव इस कला में लग गए हैं.वहां इस  कला पर चीनी कला का पूरा प्रभाव है.ये लोग सूती कपड़ा उपयोग में लाते हैं.यह छपाई में आसान तथा पहनने में भी सुविधापूर्ण होता है. 


आधुनिक शैली में बातिक  कला की कई डिजाइनें बनाई जा रही हैं.इंडोनेशिया तथा अन्य पूर्वी देशों में यह मूल शैली में ही तैयार किया जाता है पश्चिम में बातिक की नक़ल के ठप्पे तैयार करके मशीन द्वारा छपाई की जाती है.इस कला में मंजे हुए कलाकार ही सुंदर चित्र बना पाते  हैं क्योंकि रेखाओं का बहुत साफ़ तथा एक  स्थान पर होना बहुत जरूरी है.उसे रंगों का पूर्ण ज्ञान होना आवश्यक है क्योंकि रंगों को एक दूसरे पर चढ़ाकर चित्र  बनाये जाते हैं.

Friday, September 13, 2013

कितना चमत्कारी है : रुद्राक्ष

              

                                                          

पिछले कई दिनों से मोबाईल पर आ रहे एक संदेश ने चौंका दिया.संदेश था,यदि आप रुद्राक्ष खरीदना चाहते हैं  तो इस नंबर पर संपर्क करें.चूँकि, इस तरह के संदेश हमेशा आते ही रहते हैं एवं घर में पहले से ही रुद्राक्ष की एक माला पूजाघर में रखी हुई है ,जो शायद  बनारस से लायी गई थी,इसलिए इस संदेश का कोई जबाब नहीं दिया. लेकिन रुद्राक्ष के बढ़ते महत्व पर जरूर ध्यान गया.

यह निर्विवाद है कि रुद्राक्ष में कोई शक्ति अवश्य है ,तभी तो साधु -संतों और योगियों ने इसकी चमत्कारिक शक्ति से अभिभूत  होकर इसे अपनाया ,लेकिन वह शक्ति है कौन सी है, यह शोध का विषय है.

प्राचीन काल से ही हिन्दू धर्म में रुद्राक्ष की महिमा का वर्णन मिलता है. भारतीय जन मानस में रुद्राक्ष के प्रति अनन्य श्रद्धा है. संस्कृत ,गुजराती ,हिंदी और मराठी एवं कन्नड़ में इसे रुद्राक्ष के नाम से जाना जाता है. लैटिन में इसे 'इलियोकार्पस  गैनीट्रस' कहा जाता है. रुद्राक्ष स्वाद में खट्टा ,रुचिवर्धक ,वायुकफ़ नाशक है. शहद के साथ घिसकर देने से यह मधुमेह में लाभ पहुंचाता है. गले  एवं हाथ में बांधने से यह रक्तचाप को नियंत्रित रखता है. सोने ,चांदी या ताम्बे के संसर्ग से इसके गुणों में वृद्धि होती है.

रुद्राक्ष के पेड़ एशिया खंड में विषुवत रेखा के प्रदेश ,प्रशांत महासागर के टापुओं एवं आस्ट्रेलिया के जंगलों में पाये जाते हैं. मलाया ,जावा ,सुमित्रा ,बोर्नियो में रुद्राक्ष के पेड़ बहुतायत से प्राप्त होते हैं. नेपाल,बर्मा(म्यांमार) में भी इसके पेड़ हैं. भारत में सह्याद्रि पर्वतमाला में कहीं -कहीं ये दृष्टिगोचर होते हैं.

रुद्राक्ष का पेड़ लगभग पचास -साठ फुट ऊँचा होता है,शाखाएं सीधी एवं लंबी होती हैं. पत्ते नागरबेल के पत्तों से मिलते -जुलते लंबवर्तुलाकार ,स्पर्श में कुछ रूक्ष होते हैं. पके पत्तों का रंग लाल होता है एवं फलों का गहरा आसमानी. फल पकने को आते हैं तब नीचे गिर जाते हैं. ऊपर का आवरण निकल देने पर अंदर से जो बीज निकलता है ,उसे ही रुद्राक्ष कहते हैं.

मुख्यतः इसकी दो जातियां होती हैं ,छोटे आकार में एवं बड़े आकार में,बेर की तरह. छोटे आकार के रुद्राक्ष की कीमत अधिक होती है.रुद्राक्ष के बीज पर लकीरें अंकित होती हैं ,जो सामान्यतः पांच होती हैं.  इन्हें रुद्राक्ष के मुखों के नाम से जाना जाता है. छोटे आकार के रुद्राक्ष पर ये लकीरें स्पष्ट नहीं होतीं.

एकमुखी रुद्राक्ष से लेकर चौदह मुखी रुद्राक्ष तक का  वर्णन मिलता है. कहा जाता है कि कई प्रमुख हस्तियों  ने रुद्राक्ष  को धारण  करने के बाद अभूतपूर्व सफलता अर्जित की एवं उनका व्यक्तित्व भी प्रभावशाली बना.
एकमुखी रुद्राक्ष का मिलना बहुत कठिन है.

रुद्राक्ष की पहचान न होने से बहुत से लोग नकली रुद्राक्ष को ही असली समझ कर ले लेते हैं. बेर की गुठली को भी थोड़ा आकर - प्रकार  देकर रुद्राक्ष में खपा दिया जाता है. इसके अलावा रासायनिक मिश्रण से भी नकली रुद्राक्ष तैयार किया जाता  है.  भद्राक्ष नाम कफल और रुद्राक्ष में नाम के साथ -साथ रूप में भी साम्यता होने से लोग भद्राक्ष को भी रुद्राक्ष समझ लेते हैं. रुद्राक्ष की सामान्य पहचान यह है कि वह पानी में डूब जाता है. दो
ताम्बे की प्लेटों के बीच में रखने पर वह घूम जाता है.

रुद्राक्ष के 32 मनकों की माला गले में धारण करने पर सर्दी से दुखते गले को आराम मिलता है ,ज्वर आदि उतर जाता है. गले की अन्य बिमारियों एवं टॉन्सिल्स में भी लाभदायक माना जाता है. ऐसा लगता है कि साधु -संतों और योगियों ने इसकी चमत्कारिक शक्तियों के वशीभूत होकर ही इसे अपनाया था. रुद्राक्ष में या तो कोई  औषधीय गुण सन्निहित है ,या कोई अदृश्य एवं चुंबकीय शक्ति.लेकिन इनमें शक्ति विद्यमान है,यह अभी शोध का विषय है. लेकिन रुद्राक्ष में कोई  शक्ति अवश्य है,इससे इंकार नहीं किया जा सकता.  

Sunday, September 8, 2013

एक कोना : मेरे दिल का

                      
                                                                                                
                   






खिलौनों की बारात गुड़ियों की शादी  
तेरा शहजादा मेरी शहजादी
तुम्हें याद हो या न हो याद लेकिन 
मुझे याद आते हैं बचपन के वो दिन.……. 

जानी बाबू की यह नज्म अरसे से मेरे जेहन में है .जब कभी भी इसे सुनता हूँ ,बचपन की यादों में खो जाता हूँ.  बचपन की यादें ताउम्र हमारे साथ रहती हैं.रह - रह कर पुरानी धुंधली यादें मन को कुरेदती भी रहती हैं.   एक बार उन यादों को कुरेदने की कोशिश करने पर ,  यादों का एक रेला सा गुजर जाता है .आँख बंद कर उन  पलों को महसूस करने का प्रयत्न करता हूं जो बचपन में  बिताए थे .

स्कूल के दिन ,सहपाठियों के साथ बिताये पल ,बहनों के साथ छोटी-छोटी बातों पर लड़ना- झगड़ना,फिर सुलह,जैसे कल  की ही बात हो .छोटी -छोटी जरूरतों के लिए भाई ,बहनों पर  कितना निर्भर रहते हैं   ,यह विवाह एवं उनकी विदाई के बाद ही पता चलता है . जो भावनात्मक लगाव छोटी उम्र में पनप जाते  हैं  वे समय के अन्तराल में फीके नहीं पड़ते.   

आज ,जब वे इतनी दूर हैं कि साल में एकाध बार ही मुलाकात हो पाती है.गर्मियों की छुट्टियों में घर आने पर हर वक्त कोशिश करता हूँ कि किसी तरह की तल्खी न हो. पर ऐसा हो कहाँ पाता है. किसी न किसी बात पर बतकही शुरू न हुई कि एक - दो दिन बोलचाल बंद. फिर सुलह मैं ही करता हूँ. रक्षाबंधन के कई दिन पहले से फोन आना शुरू हो जाता है कि राखी  भेजी है डाक से, मिली है या नहीं .राखी  तो  मिल जाती है ,लेकिन कैसे बताऊँ कि मैं उन्हें बहुत मिस करता हूँ .मेरे दिल के एक कोने में आज भी  बचपन की यादें बसी हुई हैं . उन्हें याद करने के लिए किसी खास दिन की जरूरत नहीं पड़ती. 

शुरूआती शिक्षा - दीक्षा मन पर कहीं गहरे असर कर जाती हैं. बाल मन सीखने को आतुर रहता है. ऐसे में  प्रारंभिक शिक्षा का प्रभाव लम्बे समय तक रहता है. मुझे आज भी याद आते हैं वे शिक्षक जो शिक्षक नहीं बल्कि परिवार के सदस्य जैसे लगते थे.  रामायण और महाभारत के अनछुए प्रसंगों को सुनाकर,आगे की कहानी जानने  की उत्सुकता बढ़ा देते. हम सभी भाई -बहनों की प्रारंभिक शिक्षा में उनका विशेष योगदान है. 

उम्र के पड़ाव में ये बातें और भी याद आती हैं. तेज रफ़्तार जिन्दगी की भाग-दौड़ में ये और भी अहम् है कि हम न केवल बचपन की यादों को संजोकर रखते हैं,बल्कि उन यादों को ताजा भी कर लेते हैं.