Friday, October 4, 2013

नई अंतर्दृष्टि : मंजूषा कला


                                                                         
बिहार में मधुबनी पेंटिंग के अलावा मंजूषा कला का भी अहम् स्थान है.मंजूषा कला अंग देश की प्राचीन राजधानी चंपा, अब भागलपुर एवं उसके आस -पास के क्षेत्रों से की प्राचीन विषहरी पूजा से जुड़ी हुई है.

मंजूषा कला को राष्ट्रीय विरासत में भी शामिल किया गया है. मंजूषा बांस,जूट,पुआल और कागज के बने मंदिर के आकार के बॉक्स जैसे हैं,जिन्हें सावन और भादो माह के सिंह नक्षत्र में विषहरी पूजा के अवसर पर बनाया जाता है.

राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर ने अपनी पुस्तक 'संस्कृति के चार अध्याय' में द्वितीय शताब्दी के चंपा का जिक्र किया है.चंपा अंग प्रदेश (अब,भागलपुर)की राजधानी थी,जो बाली के पुत्र अंग के नाम पर पड़ा था.यह मौर्य शासक सम्राट अशोक के साथ - साथ 12 वें तीर्थंकर वासुपूज्य की जन्मस्थली भी है.

जनश्रुतियों के अनुसार, भगवान् शिव की मानस पुत्रियाँ मनसा, मैना,अदिति, जया और पद्मा, लोगों द्वारा भगवान शिव,पार्वती,गणेश और कार्तिक की  पूजा किये जाने से ईर्ष्यालु होकर भगवान शिव के पास गई और अपनी समस्या बताई. भगवान शिव ने कहा कि,तुम पृथ्वी पर तभी पूजी जाओगी, जब चंपा के निवासी चांदो तुम्हारी पूजा करेंगे.इतना सुनने के बाद मनसा चांदो के पास गई और उनकी पूजा करने को कहा,लेकिन चांदो ने इंकार कर दिया.

इससे कुपित होकर व्यापार के लिए जा रहे चांदो के नाव को उसने डुबा दिया, इससे चांदो(चंद्रधर) के छह पुत्रों की डूबने से मौत हो गई, फिर भी चन्द्रधर ने उनकी पूजा करने से इंकार कर दिया. चंद्रधर के सातवें पुत्र बाला लखेन्द्र का विवाह बिहुला से हुआ. इतनी लम्बी अवधि के बाद भी मनसा बहनों का क्रोध थमा नहीं था और बाला को विवाह के रात ही मारने की धमकी दी,तथापि एहतियाती उपाय के रूप में लोहे और बांस से बने घर में बाला और बिहुला को रखा गया. लेकिन विवाह की रात,सर्प के डंसने से बाला की मौत हो गई .

बिहुला ने विश्वकर्मा से मंजूषा के आकार का एक बड़ा नाव तैयार करवाया और अपने पति के शव को लेकर, देवताओं से अनुरोध कर, उसे पुनर्जीवित करवाने के लिए देवलोक रवाना हुई.देवताओं के अनुरोध पर बाला की जिंदगी वापस मिल गई और कहते हैं कि बाला और बिहुला देवलोक से वापस लौट आए. तब उन्होंने चंद्रधर को मनसा (विषहरी) की पूजा के लिए मनाया.

तब से विषहरी पूजा,लगातार तीन दिनों के लिए भाद्र माह के सिंह लग्न में मनाया जाता है, क्योंकि इसी दिन बाला को सर्प ने डंसा था.ऐसा विश्वास किया जाता है कि सर्प की देवी की पूजा करने से, सर्प के काटने का भय नहीं रहता. इस दिन बाला और बिहुला से संबंधित नाटकों का भी मंचन होता है.

मंजूषा 4 कोने पर बनता है, लेकिन कुछ विशेष प्रकार के मंजूषा  में 6 एवं 8 कोने भी होते हैं. मंजूषा के विशेष प्रकार में, कई अलग अलग तरह के डिजाइन एवं सुंदर बनाने के लिए अन्य सामग्रियों का भी उपयोग किया जाता है. सामान्य या विशेष तौर पर, मंजूषा में पत्ते,विषहरी बहनों, व्यापारी चंद्रधर, बाला लखेंद्र, मगरमच्छ, चंपा प्रदेश और सांप के चित्र बनाये जाते हैं, जिनमें जीवन के पूर्ण रंग के साथ शानदार तरीके से बाला-बिहुला की कहानी का चित्रण बोर्ड पर किया जाता है. मगरमच्छ ,गंगा, चाँद, सूरज आदि के प्रतीक मुख्य रूप से महत्वपूर्ण हैं. बिहुला के खुले बालों के साथ चित्र और बगल में सांप एवं विषहरी बहनों के प्रतीक बनाये जाते हैं.मंजूषा कला को आम तौर पर  जीवंत बनाने के लिए हरा, पीला और लाल रंगों का इस्तेमाल किया जाता है.

यह विश्वास किया जाता है कि आज भी भागलपुर और उसके आस-पास उसी तरह से मंजूषा का निर्माण होता है जैसा विश्वकर्मा के द्वारा बनाया गया था.प्रत्येक वर्ष सिंह नक्षत्र के आगमन के साथ ही लोग मंजूषा बनाना प्रारंभ करते हैं. लाल, हरे और पीले मंजूषा देखने में काफी आकर्षक लगते हैं .

प्रसिद्द पुरातत्वविद डॉ. बी. पी. सिन्हा ने 1970 -71 में चंपा (भागलपुर) क्षेत्र में उत्खनन के दौरान कई सर्पाकार मूर्तियों,जिनमें मानव सिर थे,पाया.संभवतः यह सिन्धु सभ्यता से जुड़े लगते हैं.खुदाई से प्राप्त 'टेरेकोटा सर्प कला' के प्राप्त होने से यह भी जानकारी मिलती है कि उस समय अंग प्रदेश में सर्प की पूजा प्रचलित थी.

यद्यपि,मंजूषा कला को राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया गया है,लेकिन भागलपुर  एवं इसके आस -पास की यह कला सरकार और सामाजिक संगठनों से उचित प्रोत्साहन के अभाव में अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष करती नजर आती है,और इसके साथ ही इससे जुड़े लोगों को भी अन्य व्यवसायों की ओर रुख करना पड़ रहा है.

Sunday, September 29, 2013

भारतीय संस्कृति और कमल

                                            






कमल केवल भारतीय संस्कृति की सत्यता का ही प्रतीक नहीं है,बल्कि भारतीय संस्कृति के महत्वपूर्ण सिद्धांत "तमसो मा ज्योतिर्गमय" का जीवित रूप है.कमल पानी के मल से पैदा हुआ है. वह गंदगी से उठकर श्रेष्ठता की और बढ़ता है.वह प्रकाश में खिलता है और अंधकार में अपने को बंद कर लेता है,जैसे कह रहा हो - 'अंधकार से दूर रहो.' उसका मुख हमेशा सूर्य की ओर रहता है. जैसे कह रहा हो -मुझे 'अंधकार से प्रकाश की ओर ले चलो.' इस प्रकार कमल हमेशा यह प्रेरणा देता है कि हम अज्ञान,अंधकार और अविवेक से दूर रहें .

भविष्य पुराण में यह विषय आता है कि कौन सा फूल कितने दिनों में बासी हो जाता है.उसके अनुसार - नील कमल,श्वेत कमल और कुमुद ये पांच दिन में,जाति का फूल एक प्रहर में,मल्लिका का आधा प्रहर में और अगस्त्य के फूल तीन प्रहर में बासी हो जाते हैं.इन सभी फूलों में कमल ही एक ऐसा फूल है जो सबसे अधिक समय तक स्वस्थ,स्वच्छ,निर्मल और ताजा बना रहता है.उसे रात्रि में तोड़कर प्रातः पूजा के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है,क्योंकि उसके बासी होने का तो पता ही नहीं चलता .

कमल में सत्य और असत्य को प्रकट करने की स्वाभाविक शक्ति है.कालिदास का मेघदूत इसी कथा पर आधारित है.एक दिन यक्ष ने कुबेर की शिव - पूजा के लिए रात्रि में कमल तोड़कर रख दिए.प्रातः जब कुबेर पूजा के लिए गए और कमल को हाथ में लिया तो वह खिलने लगा था.उसमें से एक भौंरा उड़कर भागा तो कुबेर ने यक्ष से सत्यता जाननी चाही,परन्तु  उसने असत्य कहा कि 'फूल बासी नहीं है.' वह यह भूल गया कि कमल उजाले में खिलता है और अंधकार होने पर अपने आपको बंद कर लेता है.अतः रात्रि में ही उसमें भौंरा बंद हो गया था.उसके इस असत्य पर ही कुबेर ने यक्ष को देश निकाला दे दिया था .

कमल को सृष्टि के प्रतीक के रूप में भी हम  देखते हैं.विष्णु की नाभि से कमल उत्पन्न होता है और उस पर बैठकर ब्रह्मा श्रृष्टि की रचना करते हैं .

भूगर्भ शास्त्री भी पुराणों के अनुसार ब्रह्माण्ड का आकार कमल रूप मानते हैं.मेरु के पश्चिम में तिब्बत का धरातल है,उसके पूर्व में कैलास,दक्षिण में हिमवत और उत्तर में कुरु स्थित हैं.मेरु कमल के पराग के सामान हैं.

विष्णु के हाथ में कमल केवल सृष्टि का प्रतीक मात्र नहीं,वह भारतीय संस्कृति के 'निष्काम कर्म' के आदर्श का भी प्रतीक है.वह कीचड़ में उत्पन्न होने के बाद भी निर्मल,स्वच्छ और पवित्र रहता है. जल में रहते हुए भी जल से अलग तथा अलिप्त रहता है.वह निर्लिप्त और निर्विकार रह कर अपने सौन्दर्य,सुवास और सरसता से सबका मन लुभाए रहता है.जो इस और संकेत करता है कि समस्त कर्तव्यों का पालन करते हुए फल से अलिप्त रहो,अर्थात कर्मयोग के सिद्धांत का प्रतीकात्मक रूप है. 

भारतीय संस्कृति पुरुषार्थ एवं कर्मप्रधान है.कमल कीचड़ में उत्पन्न होकर सारे समाज को उसकी घृणित उत्पत्ति का संकेत करता है.अपनी प्रारम्भिक अवस्था में कठोर कली  के रूप में रहते हुए कमल में कोई कीड़ा नहीं पहुँच सकता और उसमें छिद्र नहीं कर सकता है .

खिला हुआ कमल ही जीवन तत्व का प्रतीक है.यह कमल संकेत देता है कि जिस प्रकार प्रकृति से शक्ति,तेज ताप और उर्जा न मिलने पर उसे पुनः अपनी प्राकृतिक स्थिति में आना होता है,उसी प्रकार मनुष्य को भी सम्पूर्ण जीवन जीने के बाद,अंत में मृत्यु की गोद में आना होता है,जो प्राकृतिक है.

भारतीय संस्कृति में  लक्ष्मी को कमल के पुष्प पर बैठे हुए दिखाया गया है.उन्होंने एक हाथ में कमल लिया हुआ है और दूसरे हाथ से धन बिखेर रही हैं.हाथ में पकड़ा हुआ कमल ऊपर की ओर उठा हुआ है और धन नीचे गिर रहा है. दोनों कितने सुन्दर प्रतीक हैं.जो धन लेकर उसमें लिप्त हो गया वह दलदल में फंस गया, जो सब कुछ पाकर भी कमल की तरह अनासक्त और अलिप्त बना रहा,वह कमल की तरह उर्ध्वमुखी या उन्नत हो गया.

धन सांसारिक सुख का प्रतीक है,आत्मिक शक्ति और आनंद का नहीं.इसलिए लक्ष्मी धन बिखेरती है, उस पर बैठती नहीं,उसमें बंधती नहीं.उसी तरह लक्ष्मी को पाकर विष्णु भी उसमें लिप्त नहीं होते. 

लक्ष्मी बैठती हैं कमल पर.कमल आदर्श जीवन का प्रतीक है.वह कीचड़ से निकल कर श्रेष्ठता की और बढ़ रहा है .वह विष्णु की सर्वज्ञता और सर्वगुण संपन्नता का द्योतक है. वह विष्णु की तरह अनासक्त भाव से सब कार्य करने की प्रेरणा देता है.लक्ष्मी ने कमल को विष्णु का महाप्रतीक मानकर अपना आसन बनाया और उसे हाथ में लिया,जिससे पति का आदर्श हमेशा पथ -प्रदर्शक बना रहे और वह उसके गुणों को अंगीकार कर सके.

कमल की महिमा यहीं समाप्त नहीं होती.कमल ने विष्णु के लोचन का स्थान पाया.देवताओं में केवल विष्णु को ही कमलनयन कहा गया है.'शिव महिम्नस्रोत' में एक कथा आती है कि एक बार विष्णु ने शिव के लिए यज्ञ किया और उनके लिए एक हजार कमल मंगाये.जब 999 कमल की आहुति दे चुके तो कमल समाप्त हो गये.गणना में भूल के कारण एक कमल कम रह गया था. यज्ञ को पूरा करना आवश्यक था,अतः विष्णु ने अपनी आँख निकल कर कमल के रूप में आहुति देनी चाही,तभी शिव प्रकट हो गए और विष्णु का हाथ पकड़ लिया और स्वयं त्रिपुरारी बन गए. तीनों लोकों की की देखभाल का भार अपने ऊपर ले लिया.यहीं से विष्णु कमलनयन कहलाने लगे .

विष्णु के नेत्र रूप, यही गुण संपन्न कमल पार्थिव सौंदर्य का प्रतीक  बन गया.भारतीय संस्कृति में 'सुंदर' सत्य तथा शिव के साथ अच्छेद संबंध से जुड़ा हुआ है.'सत्यं शिवम् सुंदरम' इसी मान्यता का परिपोषक है.कमल, जो ब्रह्मा ,विष्णु तथा लक्ष्मी से संबद्ध होकर सत्य तथा शिव का प्रतीक है,वही भारतीय सौन्दर्य का भी प्रतीक  है .  

Thursday, September 26, 2013

एक जादुई खिलौना : रुबिक क्यूब





एक प्राध्यापक ने छात्रों को वास्तुकला विज्ञान तथा डिजाइन की शिक्षा देने के लिए एक ऐसे उपकरण का अविष्कार किया , जिससे किसी वस्तु के आकार में उसकी लम्बाई ,चौड़ाई तथा ऊँचाई को एक साथ परखा जा सके ,लेकिन यह उपकरण आज इतना लोकप्रिय खिलौना है कि जिसकी वह अपने आप में एक मिशाल है . मजे की बात बात यह है कि इसकी वजह से तलाक़ भी हो गया .

बच्चों के संसार में खिलौनों के महत्व से कोई भी अपरिचित नहीं है. खिलौनों का इतिहास भी उतना ही पुराना है ,जितनी मानव सभ्यता. प्रारंभ में शायद बच्चों ने अपने खिलौने खुद ही तलाश किये होंगे.परन्तु ज्यों - ज्यों  समय आगे बढ़ा ,मानव सभ्यता का विकास हुआ और इस विकास के साथ जुड़ गया खिलौनों का बदलता रूप. मनोवैज्ञानिक इस तथ्य की पुष्टि करते हैं कि बच्चों के संतुलित विकास के लिए खिलौनों का उतना ही महत्व है ,जितना कि उनके वातावरण का. बीसवीं सदी में विज्ञान की अद्भुत उन्नति से खिलौने भी अप्रभावित न रह सके.ऐसे ही वैज्ञानिक चेतना की एक उत्पत्ति है रुबिक क्यूब या जादुई क्यूब.

रुबिक क्यूब वास्तव में खिलौनों की आवश्यकता पूरी करने के लिए नहीं बनाया गया था. इसका जन्मदाता एरनो रुबिक हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के एक महाविद्यालय में छात्रों को वास्तुकला विज्ञान तथा डिजाइन की शिक्षा देता था. वह छात्रों को किसी भी वस्तु के तीनों पक्षों के बारे में बताना चाहता था. 1974 में उसने एक ऐसे उपकरण का  आविष्कार किया ,जिससे किसी वस्तु के आकार में उसकी लंबाई ,चौड़ाई ,ऊँचाई को एक साथ परखा जा सके .

यही नहीं ,इस उपकरण पर की जाने वाली क्रिया -घुमाने से होने वाले प्रभाव को बड़ी आसानी से समझा जा सकता है.यही  उपकरण आज दुनियां का सर्वश्रेष्ठ शिक्षा देने वाला खिलौना बन गया है.पहले पहल इसका नाम मैजिक क्यूब पड़ा ,परन्तु बहुचर्चित होने पर इस क्यूब के साथ आविष्कारक का नाम भी जुड़ गया तथा यह 'रुबिक क्यूब' के नाम से जाना जाने लगा. आज रुबिक क्यूब हर आयु और हर व्यवसाय के लोगों का मनोरंजन ही नहीं ,बल्कि शिक्षा का एक साधन बन गया है. न केवल बच्चों बल्कि बुजुर्गों के लिए यह समय बिताने का एक बढ़िया साधन बन गया है. इस क्यूब ने बिक्री के पिछले सभी कीर्तिमान तोड़ दिए हैं. गणितज्ञों के लिए यह खिलौना बहुमूल्य उपकरण सिद्ध हुआ है. ज्योतिर्विज्ञान तथा 'ग्रुप थ्योरी' की कई क्रियाएं इसके द्वारा सरलता से समझी जा सकती हैं. आज दुनियां भर में रुबिक क्यूब को हल करने की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं .

रुबिक क्यूब साधारणतः 57 *57 *57  मिलिमीटर का एक घन  है ,जो 26  छोटे - छोटे घनों से मिलकर बनता है. इनमें हरेक छोटा घन 9*9*9 मिलिमीटर का होता है. जब  क्यूब पूर्णतः ठीक से जुड़ा होता है ,तब इसके छह तलों के प्रत्येक तल पर एक ही प्रकार तथा रंग के 9 - 9 वर्ग होते हैं .कुल मिलाकर 54 वर्गों की रचना 9 प्रति वर्ग तल के हिसाब से होती है. एक तल के 9 वर्ग एक ही आकार एवं रंग के होते हैं.

हरेक तल पर ठीक बीच  में एक -एक घन होता है ,जिनका स्थान निश्चित होता है .हरेक मध्य वर्ग का रंग एक दूसरे से भिन्न होता है.यदि हम रूबिक क्यूब को एक समतल पर टिका दें , तो ऊपर तथा नीचे वाले तलों के चार कोनों में एक - एक क्यूब होता है. हरेक कोने वाले घन के तीन पक्ष दिखाई देते हैं तथा इन पर बने तीन वर्गों का रंग एक दूसरे से भिन्न होता है.

उपरी तल के प्रत्येक कोने वाले क्यूब के तीनों ओर - दायें ,बाएं तथा नीचे एक -एक क्यूब होता है. इनकी संख्या आठ होती है .निचले तल के कोने वाले क्यूब के दायें - बाएं भी एक - एक क्यूब होता है. इनकी संख्या चार होती है. प्रत्येक बीच वाले क्यूब पर दो भिन्न - भिन्न रंगों के क्यूब बने होते हैं.

रुबिक क्यूब के तल आपस में जुड़े हुए नहीं होते. प्रत्येक तल को आगे -पीछे ,ऊपर और नीचे की ओर घुमाया जा सकता है.इसमें केवल मध्य के छह क्यूब एक दूसरे के साथ धुरी पर जुड़े होते हैं. इसे स्पिंडल कहते हैं. रुबिक क्यूब के किसी भी तल को 90 डिग्री दायीं ओर घुमाने से सामने और पिछले तलों पर तो  हरा और नीला रंग ही रहेगा. परन्तु बाकी  के तलों पर इस क्रिया का प्रभाव पड़ेगा. उपरी तल के तीन लाल  वर्ग दायीं और चले जाएंगे , दायेंतल के तीन सफ़ेद वर्ग निचले तल पर चले जाएंगे , निचले तल के तीन संतरी वर्ग बायीं ओर तथा बाएं तल  के तीन पीले  वर्ग उपरी तल पर आ जाएंगे.

इस  प्रकार ऊपर, नीचे ,दायें,बाएं  सामने तथा पीछे तलों को घुमाने से रंगदार वर्ग अपना स्थान बदल  लेते हैं और हर तल रंग -बिरंगा हो जाता है. केवल छह मध्य वर्ग अपने स्थान पर रहते हैं.यह तो रही क्यूब को बिगाड़ने की बात. इसी उलझे हुए क्यूब से शुरू होती है वास्तविक दिमागी कसरत.

यह समस्या एक पहेली के समान है. आप उलझा हुआ क्यूब किसी व्यक्ति को देकर कहें कि वह इसे फिर से सुलझा दे यानि सब रंगों को इस प्रकार जोड़े कि एक तल के सभी वर्ग एक ही रंग के हों. देखने में यह बड़ा आसन प्रतीत होता है ,परन्तु इसे सुलझाने में कई दिन या कई माह लग जाएँ.इसी रुबिक क्यूब के कारण जर्मनी में एक दंपति में तलाक हो गया. एक पत्नी ने अपने के जन्मदिन पर उपहारस्वरूप  रूबिक क्यूब भेंट किया.पति इसे सुलझाने में इतना व्यस्त रहने लगा कि पत्नी तक को भूल गया .बस ,इसी का परिणाम निकला ,तलाक.

समस्या वाकई जटिल है.कम्यूटरों द्वारा पता लगाया गया है कि रुबिक क्यूब के रंगों के 4,32,52,0000000000000000 से भी अधिक मेल खाते हैं.यह अंक कितना विशाल है कि यदि दुनियां के सभी व्यक्ति एक साथ इतनी राशि की गेंद ,एक गेंद एक व्यक्ति प्रति सेकेंड की दर से गिनें तो पूरा गिनने के लिए लाखों वर्ष लग जाएंगे .

लेकिन सवाल है कि इस समस्या का कोई हल भी है ? इस क्यूब का आविष्कारक इस उलझन को एक मिनट से भी कम समय में सुलझा सकता है.

आज दौड़ रुबिक क्यूब को हल करने की नहीं है. वह तो संसार में हजारों व्यक्ति कर सकते हैं. दौड़ इसे प्रतियोगिता के स्तर पर कम से कम समय में हल करने की है.