Thursday, August 8, 2013

मैं हवा हूँ









"मैं हवा हूँ ,कहाँ वतन मेरा" ख्याति  प्राप्त गजल गायक अहमद हुसैन,मोहम्मद हुसैन की यह गजल दिल में गहरे असर कर जाती है.सचमुच,हवा का कोई वतन नहीं होता,लेकिन हवाओं में जहर घुलने का मसला तो सभी देशों की समस्या है. आज हवा में प्रदूषण इतना बढ़ गया है कि इंसानों का सांस लेना भी दूभर हो गया है.

वायु प्रदूषण आज की सबसे बड़ी समस्या हो गई है.विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार वायु प्रदूषण के चलते श्वास संबंधी समस्याओं ,ह्रदय जनित बीमारियों,फेफड़े के कैंसर आदि में बहुत वृद्धि हुई है.वायु प्रदूषण के कारण साँस लेने में तकलीफ,कफ,दमा,अलर्जी संबंधी समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं.


वायु प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत ओजोन,नाईट्रोजन डायआक्साइड और सल्फर डायआक्साइड है.वायु प्रदूषण के कारण दुनियां भर में 3.3 करोड़ मौतें हुई हैं.विकासशील देशों में वायु प्रदूषण से सबसे ज्यादा 5 वर्ष से कम के बच्चे प्रभावित होते हैं.

वायु प्रदूषण के इतने कारक हैं कि इनकी गिनती कठिन है.मनुष्य के जीवन का सबसे ज्यादा वक्त घर के अन्दर ही बीतता है.ऐसे में कमरों के हवादार नहीं होने से व्यक्ति सबसे ज्यादा घर में ही प्रभावित होता है.धरती के कुछ हिस्सों में जमीन से रेडोन गैस निकलती है जो व्यक्तियों को घरों में ही प्रभावित कर देती है. मकान बनाने के साधनों जैसे-कारपेटिंग और प्लाईवुड, फार्मेल्डीहाइड का उत्सर्जन करते हैं.पेंट और उसमें मिलाने वाले रसायन सूखने पर वाष्पशील रासायनिक यौगिक बनाते हैं.लीड पेंट धूल बढ़ाता है.

ऐच्छिक रूप से वायु प्रदूषण एयर फ्रेशनर,सुगन्धित पदार्थों आदि से होता है.स्टोव और फायरप्लेस में लकड़ियाँ जलाने से घर के अन्दर और बाहर काफी धुंआ फैलता है.कीटनाशक और रासायनिक स्प्रे का बिना वेंटिलेशन के छिड़काव काफी नुकसानदायक हैं.


वायु प्रदूषण जैविक स्रोतों के द्वारा भी घरों में होते हैं.पालतू जानवर डैंडर उत्पादित करते हैं,बिस्तर से डस्ट माईट,कारपेटिंग एवं फर्नीचर से एनजाईम्स,एयर कंडिशनर से लैजियोनेयर्स नामक बीमारी होती है.घर के अन्दर लगाने वाले पौधों,मिट्टी और गार्डन से पराग कण एवं धूल उत्पन्न होते हैं.


लोग अक्सर जगह की कमी के चलते बेडरूम में ही फ्रिज रख देते हैं.फ्रिज से क्लोरोफ्लोरो कार्बन का उत्सर्जन होता है जो न कि हवा को प्रदूषित करता है बल्कि ओजोन परत को भी क्षति पहुंचाता है.आज जबकि विकसित देशों में में इसकी उन्नत तकनीक मौजूद है,वे इसे विकासशील देशों से साझा नहीं करना चाहते.कारण, इसमें उनकी भारी धनराशि अनुसन्धान एवं विकास के कार्यों में लगी होती है.यही कारण है कि पर्यावरण से संबंधित जितने भी अंतर्राष्ट्रीय सम्मलेन हो रहे हैं,उनमें विकासशील देशों की भागीदारी बहुत कम होती है और वे किसी एजेंडा पर सहमत भी नहीं होते.


बाहरी कारकों में ज्यादातर तेलों के जलने एवं कल-कारखानों से निकलनेवाले धुँएं से वायु प्रदूषण बढ़ता है.पुरानी मोटर गाड़ियों और बिना रखरखाव के चलने वाले गाड़ियों से धुओं का गुबार लग जाता है और सड़क पर चलने वाले लोग नाक पर रूमाल रख कर किनारे हो जाते हैं.मोटर वेहिकल एक्ट में यह प्रावधान है कि वाहनों की नियमित अन्तराल पर प्रदूषण एवं उत्सर्जन की जाँच आवश्यक है,पर ऐसा होता नहीं.महानगरों में तो 10 या इससे अधिक वर्ष पुरानी गाड़ियों के परिचालन पर रोक है एवं सी.एन.जी को बढ़ावा दिया जा रहा है लेकिन अन्य शहरों की स्थिति दयनीय है.


कल-कारखानों को लायसेंस देते वक्त कई शर्तें रखी जाती हैं,जिनमें प्रदूषण के मानकों पर ध्यान दिया जाना जरूरी है,लेकिन हकीकत में इसका पालन नहीं होता. विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के अनुसार वायु प्रदूषण के कारण हर साल 2.4 करोड़ व्यक्तियों की मौत हर साल हो जाती है और इनमें भी 1.5 करोड़ लोगों की मौत अन्तः वायु प्रदूषण के कारण होती है.

ब्रिटेन के बर्मिंघम विश्वविद्यालय ने अपने शोध में पाया है कि मोटर गाड़ियों के कारण होने वाले वायु प्रदूषण से निमोनियां से होने वाली मौतों का सीधा सम्बन्ध है.दुनियां में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों से अधिक मौतें वायु प्रदूषण के कारण होती हैं.अमेरिकी पर्यावरण नियंत्रण संगठन का अनुमान है कि मोटर गाड़ियों के डीजल इंजन में मामूली बदलाव से कई हजार मौतों को रोका जा सकता है.

भारत में वायु प्रदूषण की सबसे भयानक स्थिति भोपाल गैस कांड के रूप में उत्पन्न हुई थी,जिनमें एक अनुमान के अनुसार 25000 लोग मरे गए और 1.5 लाख से ज्यादा प्रभावित हुए  थे.

वायु प्रदूषण के इतने घरेलु और बाह्य कारक हैं कि इनसे बच पाना कठिन है लेकिन कुछ सावधानियां निश्चित रूप से बरती जा सकती हैं.महानगरों में हालाँकि पौलीथीन का प्रयोग नहीं होता,लेकिन अन्य शहरों में पौलीथीन का प्रयोग बदस्तूर जारी है.लोग इसके उपयोग के बाद कूड़े के ढेर में फ़ेंक देते हैं,फिर जला देते हैं.इससे खतरनाक रासायनिक रसायन निकलते है जो हवा को प्रदूषित करती है.इस सम्बन्ध में जागरूकता आवश्यक है.आज के समय में इलेक्ट्रोनिक उत्पादों का प्रयोग बंद तो नहीं किया जा सकता लेकिन सावधानी से प्रयोग किया जाना जरूरी है.

सार्वजानिक परिवहन का ज्यादा उपयोग,नियमित रूप से अपनी गाड़ियों की सर्विसिंग,कूलर में हमेशा तजा पानी रखने,पर्याप्त रोशनदान,पोलिथीन का कम प्रयोग,कमरे के अन्दर अंगीठी या लकड़ियों का नहीं जलाना आदि कई उपाय हैं जिनसे वायु प्रदूषण को कम किया जा सकता है.समय आ गया है कि हम इन उपायों पर ध्यान दें नहीं तो बुरी स्थितियां कभी बताकर नहीं आती हैं.
 

Sunday, August 4, 2013

कौड़ी की माया




प्रायः हम बोलचाल में कौड़ी से संबंधित मुहावरे का प्रयोग करते हैं.जैसे-'दो कौड़ी का आदमी' या 'कौड़ियों के मोल' आदि.दूर दराज के इलाकों में आज भी कौड़ियों का महत्व कम नहीं है .
 
कौड़ी एक मजबूत मुद्रा है.इसका सबसे बड़ा प्रमाण और क्या हो सकता है कि कौड़ी के स्थान पर जब धातु के सिक्के चले तो कौड़ी का अस्तित्व समाप्त नहीं हो गया बल्कि उसके साथ-साथ चलता रहा.1930 तक दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों में एक पैसा सोलह कौड़ियों के बराबर था.बंगाल में एक रुपया 3840 कौड़ियों के बराबर होता था.आज से तीन चार दशक पूर्व 64 कौड़ियाँ एक पैसे के बराबर होती थी.बर्मा में 6400 कौड़ियाँ एक टिक्कल के बराबर होती थी.चीन में धातु के सिक्के कौड़ी की शक्ल के बनते थे.13वीं शताब्दी में मार्कोपोलो ने चीन के उन्नन में ऎसी ही कौड़ियों का चलन पाया था.जिस प्रकार धातु की मुद्रा में उतार चढ़ाव आता है ,उसी प्रकार कौड़ी की मुद्रा में भी उतार चढ़ाव आता था और व्यापारी इसका पूरा पूरा लाभ उठाते थे.व्यापारी प्रशांत महासागर के टापुओं से सस्ती दरों पर कौड़ियाँ खरीदते और अफ्रीका में जाकर महंगे दाम में बेचते थे.

कौड़ी को ही मुद्रा के रूप में क्यों चुना गया,शायद इसकी वजह यह है की कौड़ी में वे सारे गुण विद्यमान हैं, जो एक अच्छी मुद्रा में होने चाहिए.इसे आसानी से एक स्थान से दुसरे स्थान पर ले जाया जा सकता है.ये नष्ट नहीं होती.गिनने में आसानी रहती है.कोई नकली कौड़ी नहीं बना सकता.फिर कौड़ी अपनी एक खास पहचान भी रखती है.

लेकिन सब प्रकार की कौड़ियों का प्रयोग मुद्रा के रूप में नहीं किया जाता.विशेषज्ञों के अनुसार विश्व में 165 किस्म की कौड़ियाँ मौजूद हैं.उनमें से केवल दो प्रकार की कौड़ियाँ ही मुद्रा के रूप में चलती थीं.पहली मनी कौड़ी(साइप्रिया मोनेटा) और दूसरी रिंग कौड़ी(साइप्रिया अनेलस).ये दोनों प्रकार की कौड़ियाँ छोटी हैं,चिकनी हैं और उनके किनारे मोटे हैं.मनी कौड़ी पीली या हलके पीले रंग की होती हैं.लम्बाई लगभग एक इंच के बराबर होती है.भारत एवं एशिया के कुछ भागों में इन्हीं कौड़ियों का चलन था.रिंग कौड़ी का रंग ज्यादा सफ़ेद नहीं होता.इसकी पीठ पर नारंगी रंग का गोला होता है.इसी कारन इसका नाम रिंग कौड़ी पड़ा.इस रिंग कौड़ी का चलन एशियाटिक द्वीप में अधिक था.

अफ्रीका में दोनों प्रकार की कौड़ियों का चलन था.आज भी अफ्रीका के कुछ भागों में कौड़ी की मुद्रा मौजूद है.अफ्रीका में कौड़ियों का चलन सबसे पहले अरबी व्यापारियों ने फैलाया.बाद में यूरोप के व्यापारियों ने इसका लाभ उठाया.डच,पुर्तगीज,फ्रेंच एवं अंग्रेजों ने अफ्रीका में टनों कौड़ियों का आयात कराया.वे इन कौड़ियों से गुलामों की खरीद करते थे.इसके अतिरिक्त हाथी दांत एवं गोले का तेल भी इन्ही कौड़ियों से खरीदा जाता था.सारा व्यापर पहले समुद्र तट तक सीमित था,लेकिन धीरे-धीरे व्यापारी अंदरूनी भाग में भी पहुँच गए और व्यापारियों के साथ कौड़ियाँ भी.अफ्रीका के ईव जनजाति के लोगापने मुर्दों को कौड़ियों से भी ढंकते थे ,ताकि अगर मृतक पर किसी का कर्ज हो तो वह उन कौड़ियों में से उठाकर वसूल कर लें.

मनी कौड़ी और रिंग कौड़ी प्रशांत महासागर के गरम एवं छिछले क्षेत्र में बहुतायत से पायी जाती हैं.मालदीव तो कौड़ियाँ का द्वीप ही कहलाता था.नवीं शताब्दी में सुलेमान नामक अरबी व्यापारी और दसवीं में बगदाद के एक मसूदी ने कौड़ियों को इकठ्ठा करने का बड़ा दिलचस्प वर्णन किया है.उनके अनुसार नारियल के पत्तों से कौड़ियाँ इकठ्ठा की जाती थीं.विश्व भर के व्यापारी यहाँ आते और माल के बदले कौड़ियाँ ले जाते.एक अनुमान के अनुसार यहाँ से हर वर्ष तीस-चालीस जहाज कौड़ियों में भरकर ले जाते थे.

यदि मालदीव कौड़ियों को इकठ्ठा करने का केंद्र था तो भारत उनके वितरण का केंद्र था.ईस्ट इण्डिया कम्पनी के ज़माने में भारत में हर वर्ष चालीस हजार पौंड के मूल्य की कौड़ियों का आयात किया जाता था.आज भारत में कौड़ियों का चलन नहीं रहा लेकिन आज भी वह समृद्धि एवं लक्ष्मी का प्रतीक बन कर लोगों के ह्रदय में प्रतिष्ठित है.जब जब लक्ष्मी की पूजा होती है,कौड़ी सामने अवश्य होती है.बंगाल में लक्ष्मी पूजा के अवसर पर एक ऎसी टोकरी को पूजा जाता है जो सब और से कौड़ियों से सजी होती है. इस टोकरी में माला,धागा,कंघा,शीशा,सिन्दूर, लोहे का कड़ा और न जाने क्या होता है.इस टोकरी को 'लोखी झापा' या 'लक्ष्मी की टोकरी' कहते हैं.

उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में एक मंदिर ऐसा भी है जहां प्रसाद के रूप में कौड़ी चढती है और कौड़ी ही मिलती है। इसे कौड़ी माता का मन्दिर कहा जाता है। यही नहीं कौड़ी माता का स्नान भी कौड़ी से ही कराया जाता है। अगर उन्हें प्रसन्न करना है तो रुपयों से कौडी खरीदें और उनके चरणों में समर्पित करके आर्शीवाद के भागी बनें।

मंदिर में ही स्थित एक छोटी सी दुकान से ही श्रद्धालु कौड़ी खरीद सकते हैं। पास ही में स्थित दुर्गा, मानस त्रिदेव एवं संकट मोचन मंदिरों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रहती है लेकिन यहां पर काफी शान्ति दिखाई देती है। इक्‍का-दुक्‍का लोग ही यहां दर्शन करने के लिए आते हैं।

चूंकि यह दक्षिण की देवी है इसलिए दक्षिण भारत से आनेवाले श्रद्धालु ही ज्यादातर यहां पर दर्शन के लिए आते हैं। बाहरी दर्शनार्थी कौड़ी लेकर आते हैंऔर चढ़ाते हैं बदले में प्रसाद स्वरूप  उन्हें एक कौड़ी दी जाती है जिसे श्रद्धालु सुख समृद्धि का प्रतीक मानकर अपने घर के पूजा के स्थान पर रखते हैं। कौड़ीमाता तमिल भाषा में माता सोइउम्मा तथा तेलगू में गवल अम्मा के नाम से जानी जाती है।

दीपावली के अवसर पर कौड़ी को किसी एक दीपक के तेल में डुबा दिया जाता है.दीपक जलता रहता है.सावधानी इस बात की बरती जाती है कि उस कौड़ी को कोई न ले जाये.ऐसा समझा जाता है कि जो उस कौड़ी को जेब में रख कर जुआ खेलने जाता है,वह जीत कर लौटता है.दशहर के अवसर पर कन्याएं अपने घर के दरवाजे के पास गोबर से देवी की प्रतिमा बनाती है,और उसे कौड़ियों से सजाती है.गोवर्द्धन पूजा के अवसर पर भी गोबर से गोवर्द्धन की जो मूर्ति बनाई जाती है,उसे भी कौड़ियों से सजाया जाता है.

विवाह के अवसर पर भी कौड़ी को महत्वपूर्ण माना जाता है.वर-वधु के कंकण में कौड़ी बांधी जाती है.मंडप के नीचे जिस पट्टे पर वर-वधु बैठते हैं,उस पर भी कौड़ी बांधी जाती है.मंडप के नीचे कलश में अन्य वस्तुओं के अतिरिक्त कौड़ी भी डाली जातीहै.इस देश के हर प्रान्त में कौड़ी का प्रयोग अलग-अलग तरीके से होता है.ओड़िसा में विवाह के अवसर पर वधु के माता-पिता वधु को एक टोकरी भेंट करते हैं जिसे 'जगथी पेडी'कहते हैं.इस टोकरी में रोजमर्रा के काम आने वाली हरेक वास्तु होती है,जिसमें कौड़ी जरूर होती है.आंध्र प्रदेश में भी यही रिवाज है.वहां इस टोकरी को 'कविडा पेटटे' कहा जाता है.

कौड़ी हमारे जीवन के प्रत्येक कार्यकलाप से जुड़ी हुई है.मनुष्य इसकी पूजा करता है,तो इससे श्रृंगार भी करता है. इससे जुआ खेलता है तो इससे औषधि भी बनाता है.

इस बात के प्रमाण हैं कि आदिकाल में भी कौड़ी बेहद मूल्यवान एवं महत्वपूर्ण थी और लोग इसे सहेज कर रखते थे.विश्व भर में जहाँ-जहाँ भी ऐतिहासिक खुदाइयां हुई हैं,वहां कौड़ी अवश्य मिली हैं.