Thursday, August 15, 2013

मेरे घर आना गोरैया



आज फिर से यह कहने को दिल कह रहा है 'मेरे घर आना गोरैया,फिर से दाना चुनना गोरैया'.

बचपन के दिन भी क्या दिन थे जब गोरैया की चहचहाहट से सुबह की नींद खुल जाती थी.सुबह उठते ही आँगन  में इधर -उधर फुदकती,गिरे अनाजों को चुनती गोरैया दिख जाती थी.

गांवों,घरों के आँगन में यह छोटी सी चिड़िया सहज ही नजर आ जाती थी.प्रायः फूस के घरों में गोरैया का घोंसला होता था.शहरों के आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में यह छोटी सी चिड़िया समूह बना कर रहती थी.यह लोगों की जिंदगी का अभिन्न हिस्सा थी.बचपन के दिनों में हमलोगों ने कितनी ही बार गोरैया के घोंसलों में हाथ डाला होगा और छोटी सी,छुई-मुई सी गोरैया के बच्चों को हथेली के बीचोबीच रख कर उत्सुकता से निहारा होगा.आँगन में सूखने के लिए रखे अनाजों पर मंडराती गोरैया,बरबस ही गृहिणी का ध्यान अपनी ओर आकृष्ट कर लेती थी.घर की गृहिणी से उसका अटूट नाता होता था.कारण,उसका दाना-पानी गृहिणियों के भरोसे ही था.पर अब ऐसा नहीं रहा.हर तरफ नजर आने वाली गोरैया अब इक्का-दुक्का ही नजर आती है.

लोकमान्यताओं के अनुसार जिन घरों में गोरैये के घोंसले होते थे वहां लक्ष्मी का वास मन जाता था.पर अब स्थिति बिलकुल बदल चुकी है.

गोरैया की संख्या में लगातार कमी आने का प्रमुख कारण बढ़ता शहरीकरण है.इसने गोरैया का आशियाना छीन लिया है.पहले गांवों में फूस के घर होते थे,जिनके तिनके से वह घोंसला बनाकर रहती थी.पर अब कंक्रीट के बढ़ते मकानों ने गोरैया का चमन उजाड़ दिया है.गोरैया की संख्या में कमी आने की दूसरी प्रमुख वजह उसके भोजन में आई कमी भी है.पहले गांवों के आँगन में अनाज बिखरे मिलते थे,पर अब इन्हें बिखरे अनाज भी नसीब नहीं है.

गोरैया की संख्या में आई लगातार कमी की एक वजह भवन निर्माण शैली में आया परिवर्तन भी है.पहले पर्शियन शैली में भवनों का निर्माण होता था.उसमे मुंडेर रहा करती थी.यहाँ गोरैया आराम से घोंसला बनाकर रहती थी.अब पर्शियन शैली की जगह आधुनिक शैली के मकान बनने लगे हैं.यह सपाट होती है एवं इसमें मुंडेर नहीं होते. इसमें गोरैया के घोंसले के लिए कोई गुंजाईश नहीं होती.

फिर जो पर्शियन शैली के मकान थे अब उसमें से ज्यादातर के भग्नावशेष ही बचे हैं.खेतों में कीटनाशकों का बढ़ता प्रयोग और मोबाईल टावरों से निकलनेवाली तरंगों ने भी गोरैया के मृत्युदर में भारी वृद्धि की है.

 गोरैया पक्षी के विशेषज्ञ डेनिस समरर्स-स्मिथ शीशा रहित पेट्रोल के बढ़ते चलन को भी गोरैया की संख्या में कमी आने का कारण मानते हैं.सामान्यतया शीशा रहित पेट्रोल को वातावरण के अनुकूल माना जाता है. इसमे MTBE (मिथाईल टरटीयरी बुटाईल एथर) एक प्रमुख कारक है.शीशा रहित पेट्रोल से चलने वाले वाहनों से निकलने वाले धुएं से छोटे-छोटे कीड़े,मकोड़े मर जाते हैं.

ये छोटे-छोटे कीड़े,मकोड़े इस तरह की पक्षियों के भोजन होते हैं.हालाँकि वयस्क गोरैया इन कीड़े,मकोड़े के बगैर भी जिन्दा रह सकती है,लेकिन अपने नवजात बच्चों को खिलाने के लिए इसकी जरूरत पड़ती है.मनुष्यों की जीवन शैली में बदलाव भी एक प्रमुख कारण है.

यह बात अलग है की हर साल 22 मार्च को दुनियां भर में अंतर्राष्ट्रीय गोरैया दिवस मनाकर इस नायब पक्षी को याद कर लेते हैं,लेकिन हकीकत यही है की घर के मुंडेर और खिड़कियों पर चहचहाकर जीवन में रंग भरने वाली इस चिड़िया का दर्शन कुछ वर्षों के बाद दुर्लभ होगा.

Sunday, August 11, 2013

ताश के बावन पत्ते


 




ताश से हमारा साबका दैनिक जीवन में मनोरंजन के पलों में हमेशा ही होता रहा है.सफ़र के दौरान वक्त बिताने के लिए ,मनोरंजन का बेहतरीन तरीका है ही ,गप्पबाजी के शौकीन लोगों के लिए यह एक नेमत से कम नहीं.

ताश के पत्तों के बारे में कई कहानियाँ प्रचलित हैं. अपने देश में प्रचलित एक लोक कथा के अनुसार एक महाराजा को अपनी दाढ़ी के बाल उखाड़ने की बहुत बुरी आदत थी. वे खाना खाते उठते बैठते,बात करते ,यहाँ तक कि अपनी रानियों से इश्क फरमाते समय भी अपनी दाढ़ी के बाल नोचा करते थे.उनकी एक रानी बड़ी समझदार थी. कहा जाता है कि उसी ने अपने पति की यह बुरी आदत छुड़ाने के लिए, जो वस्तुतः एक बीमारी की तरह उनसे चिपटी हुई थी , ताश का अविष्कार किया. लेकिन उसने कभी नहीं सोचा होगा कि उसका यह आविष्कार ही बीमारी बन कर लोगों से चिपट जाएगा. आविष्कारक ने अविष्कार तो कर डाला लेकिन वह 'तारक' न होकर 'मारक' सिद्ध हो तो उसका क्या दोष. उस महारानी ने एक काम और भी किया कि ताश के पत्तों की आकृति रोटियों की तरह गोल - मटोल बनाई और कहते हैं कि यही आकृति काफी समय तक प्रचलित भी रही.

एक कहानी के अनुसार इन 'शैतान के बच्चों' का अविष्कार 12वीं  शताब्दी में किसी चीनी सम्राट की बेगमों के मनोरंजन के लिए किया गया था. प्राचीन कल में ज्योतिष - विध्या में भी किसी  प्रकार के पत्तों का अवश्य होता था.

इन कहानियों में कितनी सच्चाई है, इस सम्बन्ध में कुछ नहीं कहा जा सकता,फिर भी इतना तो निश्चय पूर्वक कहा जा सकता है कि 14वीं शताब्दी के प्रारंभ में इटली में ताश के के पत्तों का प्रचलन था और वहाँ इसका नाम 'तारोत' या टैरो  था. यही पत्ते आधुनिक पत्तों के पूर्वज भी कहे जा सकते हैं.'तारोत' या टैरो पत्ते आज भी दिख जाते हैं और लोग प्रायः इनका उपयोग भविष्य बताने में करते हैं. तारोत में चार प्रकार के चिन्ह अंकित रहते हैं - प्याला,खड़ग,रुपया,तथा चिड़ियाँ. प्रत्येक चिन्ह के चौदह पत्ते होते हैं- 1 से दस तक गिनती वाले तथा चार अन्य बादशाह ,बेगम ,सरदार और गुलाम. इतालवी और स्पेनी पत्तों पर अब भी यही चिन्ह अंकित रहते हैं,जबकि जर्मन पत्तों पर,जिनकी संख्या केवल 12 होती हैं -1 से  5 तक  की की गिनती वाले और शाही पत्ते. पान ,घंटियाँ ,बालें और पंक्तियाँ अंकित रहती हैं। इनके अतिरिक्त ऐसे पत्ते भी देखने में आते हैं ,जिन पर मात्र एक ही चित्र अंकित रहता है और एक ओर आमने सामने के कोनों पर गिनती लिखी रहती है.

अपने देश में जो पत्ते प्रचलन में हैं,वैसे ही पत्ते इंग्लैंड में भी देखने को मिलते हैं. इन पर पान,ईट,चिड़िया,और हुकुम अंकित रहते हैं. इन चिन्हों का अंकन सर्वप्रथम एक फ्रांसीसी ने 16 वीं शताब्दी में किया था.इसलिए  शाही पत्तों में ट्यूडर राजाओं की वेशभूषा हमें दिखाई पड़ती है. किन्तु 19वीं शताब्दी के अंत से पहले 'दोमुहें' पत्तों का प्रचलन नहीं था. पहले पत्तों की पीठ खाली रहती थी ,किन्तु दशाब्दियों से इन्हें भी सजाया जाने लगा है और कुछ देशों में यह पीठ विज्ञापन का अच्छा खासा साधन भी बन गयी है.

ताश के पत्तों का संबंध नक्षत्र विद्या से अवश्य है. इसी बात से पत्तों की संख्या 52 निर्धारित होने का कारण भी जाना जा सकता है. कुछ लोगों ने चन्द्र -वर्ष के साथ इसका मिलान भी किया है. इस  तरह 12 शाही पत्ते,वर्ष के 12 महीनों के प्रतीक हैं.काला और लाल रंग दो पक्षों कृष्ण और शुक्ल का प्रतिनिधित्व करते हैं. 52 पत्ते वर्ष के 52 सप्ताह हैं. रंग चार ऋतुएँ हैं. यदि गुलाम को 11, बेगम को 12 और बादशाह को 13 तथा जोकर को एक माना जाये, तो अंकित चिन्हों का योग 365 दिन के बराबर बैठता है.

ताश के पत्तों का शैक्षणिक महत्त्व भी कम नहीं है.फ्रांस के राजा लुई 14 वें को इतिहास और भूगोल की शिक्षा इन्हीं के माध्यम से दी गयी थी. इंग्लैंड के राजा चार्ल्स द्वितीय के समय में 52 पत्तों पर इंगलैंड और वेल्स की 52 काउंटियों को अंकित किया जाता था.

चार्ल्स द्वितीय,ऒलिवर क्रोमवेल तथा शेक्सपियर भी इन पर अंकित हो चुके हैं.डी. ला. रयू  द्वारा निर्मित ताश के 'शाही' पत्तों में कुछ ऐतिहासिक व्यक्तित्व अंकित हैं. हुकुम की बेगम हैं - एलिजाबेथ प्रथम, पान के बादशाह हैं चार्ल्स द्वितीय और जोकर बने हैं - ओलिवर क्रोमवेल. ये पत्ते जहाँ एक ओर मनोरंजक हैं ,वहां एक विशिष्ट व्यक्ति द्वारा इन इतिहास पुरुषों के मूल्यांकन के परिचायक भी हैं.
 

Thursday, August 8, 2013

मैं हवा हूँ









"मैं हवा हूँ ,कहाँ वतन मेरा" ख्याति  प्राप्त गजल गायक अहमद हुसैन,मोहम्मद हुसैन की यह गजल दिल में गहरे असर कर जाती है.सचमुच,हवा का कोई वतन नहीं होता,लेकिन हवाओं में जहर घुलने का मसला तो सभी देशों की समस्या है. आज हवा में प्रदूषण इतना बढ़ गया है कि इंसानों का सांस लेना भी दूभर हो गया है.

वायु प्रदूषण आज की सबसे बड़ी समस्या हो गई है.विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार वायु प्रदूषण के चलते श्वास संबंधी समस्याओं ,ह्रदय जनित बीमारियों,फेफड़े के कैंसर आदि में बहुत वृद्धि हुई है.वायु प्रदूषण के कारण साँस लेने में तकलीफ,कफ,दमा,अलर्जी संबंधी समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं.


वायु प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत ओजोन,नाईट्रोजन डायआक्साइड और सल्फर डायआक्साइड है.वायु प्रदूषण के कारण दुनियां भर में 3.3 करोड़ मौतें हुई हैं.विकासशील देशों में वायु प्रदूषण से सबसे ज्यादा 5 वर्ष से कम के बच्चे प्रभावित होते हैं.

वायु प्रदूषण के इतने कारक हैं कि इनकी गिनती कठिन है.मनुष्य के जीवन का सबसे ज्यादा वक्त घर के अन्दर ही बीतता है.ऐसे में कमरों के हवादार नहीं होने से व्यक्ति सबसे ज्यादा घर में ही प्रभावित होता है.धरती के कुछ हिस्सों में जमीन से रेडोन गैस निकलती है जो व्यक्तियों को घरों में ही प्रभावित कर देती है. मकान बनाने के साधनों जैसे-कारपेटिंग और प्लाईवुड, फार्मेल्डीहाइड का उत्सर्जन करते हैं.पेंट और उसमें मिलाने वाले रसायन सूखने पर वाष्पशील रासायनिक यौगिक बनाते हैं.लीड पेंट धूल बढ़ाता है.

ऐच्छिक रूप से वायु प्रदूषण एयर फ्रेशनर,सुगन्धित पदार्थों आदि से होता है.स्टोव और फायरप्लेस में लकड़ियाँ जलाने से घर के अन्दर और बाहर काफी धुंआ फैलता है.कीटनाशक और रासायनिक स्प्रे का बिना वेंटिलेशन के छिड़काव काफी नुकसानदायक हैं.


वायु प्रदूषण जैविक स्रोतों के द्वारा भी घरों में होते हैं.पालतू जानवर डैंडर उत्पादित करते हैं,बिस्तर से डस्ट माईट,कारपेटिंग एवं फर्नीचर से एनजाईम्स,एयर कंडिशनर से लैजियोनेयर्स नामक बीमारी होती है.घर के अन्दर लगाने वाले पौधों,मिट्टी और गार्डन से पराग कण एवं धूल उत्पन्न होते हैं.


लोग अक्सर जगह की कमी के चलते बेडरूम में ही फ्रिज रख देते हैं.फ्रिज से क्लोरोफ्लोरो कार्बन का उत्सर्जन होता है जो न कि हवा को प्रदूषित करता है बल्कि ओजोन परत को भी क्षति पहुंचाता है.आज जबकि विकसित देशों में में इसकी उन्नत तकनीक मौजूद है,वे इसे विकासशील देशों से साझा नहीं करना चाहते.कारण, इसमें उनकी भारी धनराशि अनुसन्धान एवं विकास के कार्यों में लगी होती है.यही कारण है कि पर्यावरण से संबंधित जितने भी अंतर्राष्ट्रीय सम्मलेन हो रहे हैं,उनमें विकासशील देशों की भागीदारी बहुत कम होती है और वे किसी एजेंडा पर सहमत भी नहीं होते.


बाहरी कारकों में ज्यादातर तेलों के जलने एवं कल-कारखानों से निकलनेवाले धुँएं से वायु प्रदूषण बढ़ता है.पुरानी मोटर गाड़ियों और बिना रखरखाव के चलने वाले गाड़ियों से धुओं का गुबार लग जाता है और सड़क पर चलने वाले लोग नाक पर रूमाल रख कर किनारे हो जाते हैं.मोटर वेहिकल एक्ट में यह प्रावधान है कि वाहनों की नियमित अन्तराल पर प्रदूषण एवं उत्सर्जन की जाँच आवश्यक है,पर ऐसा होता नहीं.महानगरों में तो 10 या इससे अधिक वर्ष पुरानी गाड़ियों के परिचालन पर रोक है एवं सी.एन.जी को बढ़ावा दिया जा रहा है लेकिन अन्य शहरों की स्थिति दयनीय है.


कल-कारखानों को लायसेंस देते वक्त कई शर्तें रखी जाती हैं,जिनमें प्रदूषण के मानकों पर ध्यान दिया जाना जरूरी है,लेकिन हकीकत में इसका पालन नहीं होता. विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के अनुसार वायु प्रदूषण के कारण हर साल 2.4 करोड़ व्यक्तियों की मौत हर साल हो जाती है और इनमें भी 1.5 करोड़ लोगों की मौत अन्तः वायु प्रदूषण के कारण होती है.

ब्रिटेन के बर्मिंघम विश्वविद्यालय ने अपने शोध में पाया है कि मोटर गाड़ियों के कारण होने वाले वायु प्रदूषण से निमोनियां से होने वाली मौतों का सीधा सम्बन्ध है.दुनियां में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों से अधिक मौतें वायु प्रदूषण के कारण होती हैं.अमेरिकी पर्यावरण नियंत्रण संगठन का अनुमान है कि मोटर गाड़ियों के डीजल इंजन में मामूली बदलाव से कई हजार मौतों को रोका जा सकता है.

भारत में वायु प्रदूषण की सबसे भयानक स्थिति भोपाल गैस कांड के रूप में उत्पन्न हुई थी,जिनमें एक अनुमान के अनुसार 25000 लोग मरे गए और 1.5 लाख से ज्यादा प्रभावित हुए  थे.

वायु प्रदूषण के इतने घरेलु और बाह्य कारक हैं कि इनसे बच पाना कठिन है लेकिन कुछ सावधानियां निश्चित रूप से बरती जा सकती हैं.महानगरों में हालाँकि पौलीथीन का प्रयोग नहीं होता,लेकिन अन्य शहरों में पौलीथीन का प्रयोग बदस्तूर जारी है.लोग इसके उपयोग के बाद कूड़े के ढेर में फ़ेंक देते हैं,फिर जला देते हैं.इससे खतरनाक रासायनिक रसायन निकलते है जो हवा को प्रदूषित करती है.इस सम्बन्ध में जागरूकता आवश्यक है.आज के समय में इलेक्ट्रोनिक उत्पादों का प्रयोग बंद तो नहीं किया जा सकता लेकिन सावधानी से प्रयोग किया जाना जरूरी है.

सार्वजानिक परिवहन का ज्यादा उपयोग,नियमित रूप से अपनी गाड़ियों की सर्विसिंग,कूलर में हमेशा तजा पानी रखने,पर्याप्त रोशनदान,पोलिथीन का कम प्रयोग,कमरे के अन्दर अंगीठी या लकड़ियों का नहीं जलाना आदि कई उपाय हैं जिनसे वायु प्रदूषण को कम किया जा सकता है.समय आ गया है कि हम इन उपायों पर ध्यान दें नहीं तो बुरी स्थितियां कभी बताकर नहीं आती हैं.